दीवानगंज में बिगड़ा मौसम, किसानों की बढ़ी चिंता; स्लॉट बुकिंग ठप, अब 9 अप्रैल से समर्थन मूल्य पर खरीदी
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज क्षेत्र में एक बार फिर मौसम खराब हो गया है, जिससे किसानों की चिंता चरम पर पहुंच गई है। आसमान में बादलों की घिरती परत और मौसम में नमी ने फसलों पर संकट खड़ा कर दिया है। खेतों में कटी हुई गेहूं की फसल खुले में पड़ी है, जिस पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है।
मौसम विभाग ने आसपास के जिलों में बुधवार और गुरुवार को बारिश की संभावना जताई है। इस चेतावनी के बाद किसान और ज्यादा सतर्क हो गए हैं। कई किसान दिन-रात खेतों में रहकर अपने अनाज की रखवाली कर रहे हैं,कई किसान अस्थायी तिरपाल और अन्य साधनों से फसल को सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहे हैं।
ताकि बारिश से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

इधर, समर्थन मूल्य पर खरीदी को लेकर भी किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहले 10 अप्रैल से खरीदी शुरू होने की बात थी, लेकिन अब इसे एक दिन पहले यानी 9 अप्रैल से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, मंगलवार को स्लॉट बुकिंग होना था, लेकिन साइट नहीं चलने के कारण किसान स्लॉट बुक नहीं कर सके। इससे किसानों में नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ गई हैं।
किसानों का कहना है कि एक तरफ मौसम की मार है तो दूसरी तरफ तकनीकी समस्याओं के कारण खरीदी प्रक्रिया में देरी हो रही है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
हालांकि, मौसम की अनिश्चितता और बार-बार हो रही बारिश की चेतावनी ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब सभी की नजरें मौसम पर टिकी हुई हैं, ताकि फसल को किसी बड़े नुकसान से बचाया जा सके। समय रहते राहत मिल सके और उनकी मेहनत पर पानी न फिर जाए।