मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सांची ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत जमुनिया के कयामपुर गांव में एक बार फिर बाघ दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है। रविवार को गांव के पास गिरी के पीछे पहाड़ी क्षेत्र में बाघ देखे जाने की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। लोग अपने घरों में सिमट गए और खेतों की ओर जाना बंद कर दिया।
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही गांव निवासी बाबूलाल कुशवाहा की गाय को बाघ ने अपना शिकार बना लिया था, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद से ही ग्रामीण सतर्क थे, लेकिन आज दोबारा बाघ दिखने से डर और बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बाघ लगातार गांव के आसपास घूम रहा है, जिससे कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। खासकर बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर लोग बेहद चिंतित हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि बाघ को जल्द से जल्द जंगल की ओर खदेड़ा जाए या उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और निगरानी रखने की भी मांग की गई है।
फिलहाल गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग अपने घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।