प्रदेश में प्रस्तावित पेक्स कर्मचारियों का आंदोलन फिलहाल स्थगित, एक हफ्ते में मांगों पर आदेश का आश्वासन
सी के पारे
भोपाल।मध्य प्रदेश सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ द्वारा प्रदेश भर में प्रस्तावित अनिश्चितकालीन आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष बीएस चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर 1 अप्रैल 2026 से आंदोलन की घोषणा की गई थी। इसी के मद्देनज़र आज भोपाल के विंध्याचल भवन में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और महासंघ के प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रदेश के लगभग 55 हजार पेक्स कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि महासंघ द्वारा दिए गए ज्ञापन में शामिल पांच सूत्रीय मांगों में से पहली से पांचवीं मांग तक के निराकरण के लिए शासन द्वारा एक सप्ताह के भीतर आदेश जारी किए जाएंगे।
बैठक का माहौल सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण रहा। शासन के आश्वासन को देखते हुए महासंघ ने 1 अप्रैल से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन आंदोलन को आगामी आदेश तक स्थगित करने का निर्णय लिया है।
हालांकि महासंघ ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में कर्मचारियों की पांच सूत्रीय मांगों का समाधान नहीं किया गया तो संगठन दोबारा कलमबंद आंदोलन शुरू करेगा। महासंघ ने सभी कर्मचारियों से फिलहाल धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
बैठक में महासंघ के संरक्षक ओपी गोस्वामी, संगठन संयोजक लखन यादव, सहसंयोजक शैलेश उपाध्याय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार अवस्थी, उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राजपूत, कोषाध्यक्ष रामकुमार बघेल सहित संघ के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।