अंबाडी और कयामपुर में आग का कहर, आकाशीय बिजली और शॉर्ट सर्किट से फसलें खतरे में, ग्रामीणों ने दिखाई सूझबूझ
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज क्षेत्र के ग्राम अंबाडी और कयामपुर में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाओं के बीच ग्रामीणों ने एक बार फिर फायर ब्रिगेड की मांग तेज कर दी है।
आकाशीय बिजली से जली फसल
ग्राम अंबाडी में मंगलवार देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से किसान खुमान सिंह पिता बारेलाल के खेत में खड़ी करीब 2 से 3 एकड़ गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह खाक हो गई। घटना की खबर मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टरों की मदद से खेत के चारों ओर मिट्टी डालकर आग को फैलने से रोक दिया। ग्रामीणों की तत्परता से आग अन्य खेतों तक नहीं पहुंच सकी। नहीं तो कई किसानों की फैसले जलकर राख हो जाती।

कयामपुर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
वहीं कयामपुर गांव में मंगलवार को शॉर्ट सर्किट के कारण नरवाई में आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में खड़ी गेहूं की फसल की ओर बढ़ने लगी। स्थिति को भांपते हुए ग्रामीणों ने तुरंत एकजुट होकर ट्रैक्टरों से चारों ओर घेराबंदी कर दी, जिससे बड़ी तबाही टल गई और कई एकड़ फसल बच गई।
लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाएं
ग्रामीणों के अनुसार बीते 15 दिनों में क्षेत्र में आग लगने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुलहड़िया-नरखेड़ा के जंगल, अंबाडी और कयामपुर के पहाड़, तथा हाल ही में जमुनिया खेजड़ा स्थित वेलस्पन कंपनी में भी आग लग चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल है।

फायर ब्रिगेड की मांग तेज
ग्रामीणों का कहना है कि फायर ब्रिगेड को फोन लाकर जानकारी देते हैं तो फायर ब्रिगेड सांची 25 किलोमीटर दूर या रायसेन 31 किलोमीटर दूर से आती है तब तक आग अपना काम कर चुकती है। दीवानगंज क्षेत्र के आसपास के करीब 40 गांव लंबे समय से फायर ब्रिगेड की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। हर साल आगजनी से किसानों की फसलें और जंगल जलकर राख हो जाते हैं, जिससे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द फायर ब्रिगेड की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके और किसानों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।

इनका कहना हे
हर साल दीवानगंज क्षेत्र के आसपास आगजनी की घटना देखने को मिलती है इसके बावजूद भी इस क्षेत्र के लिए प्रशासन एक फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नहीं कर रहा है जिससे आसपास के 40 गांव के किसानों हर साल नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रशासन को एक फायर ब्रिगेड की व्यवस्था कर दीवानगंज पुलिस चौकी में खड़ा करवाना चाहिए ताकि इसका फायदा सभी लोगों को मिल सके।
गिरजेश नायक सरपंच दीवानगंज
हम कई बरसों से फायर ब्रिगेड की मांग करते चले आ रहे हैं लेकिन प्रशासन इस और ध्यान नहीं दे रहा है जिसका खामिया जा आम नागरिकों को नुकसान रूप उठाना पड़ता है।
कुंती रमेश कुमार अहिरवार ग्राम पंचायत अंबाडी