राहगीर और स्थानीय लोग बदबू व जलभराव से परेशान
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
फैक्ट्री चौराहा दीवानगंज से लेकर रेलवे स्टेशन दीवानगंज सेमरा मार्ग पर स्थित गणेश चौक मंदिर के पास नाली ओवरफ्लो होने से सीवेज का गंदा पानी सड़क पर भर गया है। नाली का पानी लगातार सड़क पर फैलने से मार्ग पर कीचड़ और दुर्गंध फैल रही है, जिससे राहगीरों और आसपास के मोहल्ले के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली की नियमित सफाई नहीं होने के कारण यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। सड़क पर भरे गंदे पानी से पैदल चलने वालों, दुकानदारों और मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को खासा दिक्कत होती है। बदबू के कारण आसपास रहना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों व नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि जल्द नाली की सफाई और मरम्मत कराई जाए, ताकि जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिल सके।