सी के पारे रायसेन
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रायसेन शहर भक्ति और आस्था के रंग में रंगने जा रहा है। इस अवसर पर नगर में भगवान भोलेनाथ की भव्य शिव बारात निकाली जाएगी, जो पूरे शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ऐतिहासिक सोमेश्वर धाम पहुंचेगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और धार्मिक संगठनों में उत्साह का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शिव बारात में भगवान शिव की सजीव झांकी, डीजे, ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे और विभिन्न धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में बारात में शामिल होकर “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ पूरे शहर को शिवमय बना देंगे।

बारात निर्धारित समय पर शहर के मुख्य चौक से प्रारंभ होकर बाजार क्षेत्र, गांधी चौक और प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए किले स्थित सोमेश्वर धाम पहुंचेगी, जहां विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया जाएगा। महाशिवरात्रि के दिन सोमेश्वर मंदिर वर्ष में एक बार श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोला जाता है, जिससे इस आयोजन का धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल तैनात रहेगा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल एवं प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई हे।
महाशिवरात्रि पर आयोजित यह भव्य शिव बारात रायसेन की धार्मिक परंपरा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनकर एक बार फिर इतिहास रचेगी।