भाजपाई जनप्रतिनिधि जता रहे नाराजगी
मनोज बैरागी सरदारपुर धार
पंचायत ग्रामीण विकास विभाग ने सरदारपुर जनपद की ग्राम पंचायतो को सामुदायिक भवन की सौगात दी है। ग्राम पंचायत दसई, पाटलावदिया, मोरगांव, हातोद में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख की राशि स्वीकृत कर प्रथम किस्त 12.50 लाख रुपए प्रति ग्राम पंचायत आवंटन जारी किया गया है।इन सामुदायिक भवन स्वीकृति पर ग्राम पंचायत सरपंच ने पंचायत ग्रामीण विकास विभाग मंत्री प्रहलाद पटेल का
आभार व्यक्त किया है। गौरतलब है कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने पूर्व में भी 15 ग्राम पंचायत मिंडा, बरमंडल, गुमानपुरा, भोपावर, महापु,र मौलाना, रिंगनोद, सेमलिया, भीलखेड़ी, करनावद, छड़ावद, चोटिया, बालोद, देवीखेड़ा, बोड़िया, हनुमंतिया, काग में सामुदायिक भवन की सौगात मिली थी। इस पर सरपंच संघ अध्यक्ष मायाराम मेडा मिंडा ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल का आभार व्यक्त किया है। मायाराम मेडा ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्राम पंचायत मिंडा में अप्रैल माह में पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल के आगमन पर आदिवासी बाहुल्य ग्राम पंचायतो में सामुदायिक भवन का मांग पत्र सौंपा गया था।
इधर, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की नवंबर में जारी सामुदायिक भवन स्वीकृत सूची में भाजपा समर्थित पंचायत के नाम नदारत है। भाजपा जनप्रतिनिधि ने भाजपा सरकार पर अनदेखी के आरोप लगाया है। मीडिया से चर्चा के दौरान पीपरनी सरपंच एवं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि पप्पू गामड़ ने प्रदेश सरकार के विरूद्ध आक्रोश जताया है। गामड़ के मुताबिक भाजपा समर्थित ग्राम पंचायतों की अनदेखी आगामी विधानसभा में पार्टी पर भारी पड़ सकती है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है।