देवेन्द्र तिवारी सांची रायसेन
सांची सहित पूरे क्षेत्र में इन दिनों बिजली उपभोक्ताओं के घरों पर लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर फैली भ्रम की स्थिति पर मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपना रुख स्पष्ट किया है। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जारी रहेगा और इस योजना पर न तो किसी न्यायालय और न ही सरकार की ओर से कोई रोक लगाई गई है।
जानकारी के अनुसार, नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान जारी है। कुछ उपभोक्ताओं ने इन मीटरों की तेज़ रीडिंग और अधिक बिल आने की शिकायतें की थीं, जिसके चलते विभिन्न स्थानों पर विरोध भी हुए और सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलने लगीं कि मीटर लगाने का कार्य रोक दिया गया है।
इस पर स्पष्टीकरण देते हुए विद्युत कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट मीटर पारदर्शी और सटीक प्रणाली पर आधारित हैं, जिनमें किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना नहीं है। उपभोक्ताओं के बीच भ्रम फैलाने वाले तथाकथित तत्वों से सावधान रहने की अपील की गई है।
कंपनी के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी मनोज द्विवेदी ने बताया कि स्मार्ट मीटर योजना केंद्र सरकार के विद्युत मंत्रालय द्वारा देशभर में लागू की जा रही है। मध्य प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने मीटर लगाने की समयसीमा 31 मार्च 2028 तक बढ़ा दी है, और यह कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है।
श्री द्विवेदी ने इस मामले में एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर को लेकर शंका हो तो वह विभाग की वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त कर सकता है या आवेदन कर अपने पुराने मीटर के साथ तुलना करवाने का विकल्प भी चुन सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ स्वार्थी तत्व उपभोक्ताओं को गुमराह कर रहे हैं, जबकि अनेक उपभोक्ताओं ने स्वयं स्मार्ट मीटर की पारदर्शिता और सटीकता को स्वीकार किया है।