सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर में बीते एक वर्ष से चल रहा भोपाल-सागर मुख्य सड़क मार्ग के चौड़ीकरण का काम बेहद धीमी गति से हो रहा है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण एजेंसी की मनमानी और एमपीआरडीसी के अधिकारियों की चुप्पी ने इस समस्या को और भी गंभीर बना दिया है।

नगर के 5 किलोमीटर लंबे हिस्से में सड़क चौड़ीकरण का कार्य सितंबर 2025 तक पूरा हो जाना था, लेकिन बड़े हिस्से में काम अधूरा पड़ा है। करीब छह महीने पहले बस स्टैंड के पास मुख्य सड़क को खोद दिया गया था, लेकिन उसके बाद से निर्माण का काम लगभग ठप है। इस वजह से पूरे बारिश के मौसम में यहां बाढ़ जैसे हालात बने रहे। वर्तमान में नवरात्रि के पावन पर्व का शुभारंभ हुआ है सड़क के अधरे निर्माण से श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। वही दशहरा पर्व पर विसर्जन घाट के पास अधूरे निर्माण से भी कार्यक्रम प्रभावित होने की संभावना बन गई है।
व्यापार और आवागमन प्रभावित
सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लगभग 400 मीटर के हिस्से में तो चलना भी मुश्किल हो गया है। इसके अलावा, सड़क पर हमेशा धूल का गुबार उड़ता रहता है, जिससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो रही हैं। व्यापारियों के लिए भी यह एक बड़ी समस्या है, क्योंकि दुकानों के सामने लंबे समय से चल रहे अधूरे निर्माण के कारण उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

अधिकारी मौन, जनता में रोष
नगरवासियों, जिनमें सुधीर भार्गव, महेंद्र विश्वकर्मा, समीर यादव और मनोज जयनानी जैसे लोग शामिल हैं, ने बताया कि एमपीआरडीसी के अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। न तो वे निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांचने आते हैं और न ही उन्हें काम की प्रगति से कोई मतलब है। स्थानीय लोगों में इस लापरवाही को लेकर गहरा आक्रोश है और वे जल्द ही इसके खिलाफ आंदोलन करने की योजना बना रहे हैं। इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष जिनेश सिंघई ने जल्द निर्माण करने विभाग को पत्र लिखा है तो एसडीएम सरोज अग्निवंशी का कहना है कि जिम्मेदार विभाग को पत्र भेजा गया है वही नवरात्रि पर्व एवं विसर्जन स्थल पर जल्द कार्य करने निर्देशित किया गया है।