हाईवे 18 पर हड़कंप
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल विदिशा हाईवे 18 पर दीवानगंज पुलिस चौकी के सामने दीवानगंज पुलिस ने 3 दिन में 9 मोटरसाइकिल चालक और तीन फोर व्हीलर चालकों पर चालानी कार्रवाई की है। चालानी कार्रवाई से हाईवे 18 पर हड़कम मचा हुआ है। दीवानगंज पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिन में 9 मोटरसाइकिल चालक से 2700 रुपए और तीन फोर व्हीलर चालक से 1500 रुपए सहित कुल समन शुल्क 4200 रुपए वसूल किए गए हैं।

सड़क हादसों पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए रायसेन पुलिस 8 सितंबर से 22 सितंबर तक पूरे रायसेन जिले में विशेष अभियान चला रही है। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मुख्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार सभी थाना क्षेत्र में 15 दिवसीय अभियान में तेज गति से वाहन चलाना, बिना हेलमेट या सीटबेल्ट वाहन चलाना, नाबालिग द्वारा वाहन चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करना, शराब पीकर वाहन चलाना, ओवरलोडिंग व बिना कागजों के जैसे लाइसेंस, फिटनेस और परमिट के वाहन चलाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य यह है कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। बढ़ते सड़क हादसों और इनमें से हो रही मौतों को देखते हुए यह कार्रवाई कि जा रही है। चालानी कार्रवाई में दीवानगंज पुलिस चौकी प्रभारी सुनील शर्मा, प्रधान आरक्षक पुष्पेंद्र सिंह, दिलीप यादव, संदीप सिंह सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा