रायसेन। जिले के बाड़ी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में कुछ दिन पहले विद्युत करंट फैलने की गंभीर घटना सामने आई, जिससे दर्जनों छात्रों की जान खतरे में पड़ सकती थी। विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही और अव्यवस्थाओं के कारण यह हादसा होते-होते टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नारदखेड़ा गांव के पास स्थित इस विद्यालय में जिले भर से आए करीब 1000 छात्र अध्ययनरत हैं। यहां बने छात्रावासों की हालत काफी जर्जर है। घटना के दिन शाम को हॉस्टल के एक भवन की दीवारों में अचानक करंट फैल गया। छात्रों को जब इसका अहसास हुआ तो उन्होंने तत्काल सतर्कता दिखाई और अन्य छात्रों को बाहर निकाला। समय रहते सभी छात्र सुरक्षित बाहर निकल गए और विद्यालय प्रशासन को सूचित किया गया। देर रात सभी बच्चों को वैकल्पिक हॉस्टल में स्थानांतरित किया गया।
गनीमत रही कि समय पर सतर्कता बरती गई, अन्यथा बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता था। इस घटना ने विद्यालय प्रबंधन की गंभीर लापरवाही को उजागर कर दिया है।
छात्रावासों की जर्जर हालत बनी खतरे की वजह
विद्यालय परिसर में बने सभी छात्रावास भवन जर्जर अवस्था में हैं। न तो समय पर इनकी मरम्मत कराई गई है और न ही सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो बीते कई महीनों से हॉस्टलों में बिजली संबंधी समस्याएं बनी हुई थीं, लेकिन प्रबंधन द्वारा इन्हें नजरअंदाज किया गया।
और भी हैं अव्यवस्थाएं
विद्यालय में केवल छात्रावासों की ही नहीं, बल्कि अन्य कई स्तरों पर भी अव्यवस्थाएं देखने को मिल रही हैं। इनमें खुली नालियां, जर्जर पहुंच मार्ग, भोजन वितरण में गड़बड़ियां और उचित मॉनिटरिंग का अभाव शामिल हैं। इन समस्याओं को जल्द से जल्द दूर किया जाना अत्यावश्यक है।
इस मामले में जब हमने निशांत तिवारी, प्रभारी प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय बाड़ी से बातचीत की तो उन्होंने करंट फैलने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि हमनेबिजली की मरम्मत करा दी हैं।अन्य शिकायतों भोजन की गुणवत्ता पर उनका कहना था कि भोजन अच्छा दिया जाता हे लेकिन जब हमने कहा कि हम स्कूल आकर देखेंगे तो उन्होंने कहा कि किसी बाहरी व्यक्ति या प्रेस के लोग परिसर में नहीं आ सकतें।हमने जब कलेक्टर रायसेन से अनुमति की बात कही तो अप प्राचार्य का कहना था कलेक्टर की नहीं हमारे विभाग की अनुमति लाओ।
इस मामले में जब प्राचार्य जितेंद्र कुमार मिश्रा से संपर्क किया तो उन्होंने भी छात्रावास में करंट की बात स्वीकार की और दुरुस्त कराने की बात कही।भोजन की गुणवत्ता पर उन्होंने कहा आप हमारी अनुपस्थिति में आकर देख सकते हैं