पिपरिया नर्मदापुरम। जिला कतिया समाज संगठन, नर्मदापुरम द्वारा स्थानीय पुरोहित गार्डन, पिपरिया में जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन गरिमामय रूप से संपन्न हुआ। समारोह में समाज के गौरव, पिपरिया विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक ठाकुरदास नागवंशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रदीप आम्रवंशी ने की एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष संध्या सिंगारे विशेष अतिथि रहीं।

इस अवसर पर सत्र 2024-25 की बोर्ड परीक्षाओं में 75% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनके अभूतपूर्व प्रदर्शन हेतु सम्मानित किया गया। उन्होंने न केवल अपने माता-पिता व विद्यालय का गौरव बढ़ाया, बल्कि पूरे समाज को भी गौरवान्वित किया। इस कार्यक्रम में कतिया समाज से उभरती हुई बहुमुखी प्रतिभा प्रियांशु धारसे को भी विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। वे पर्यावरण प्रेमी,राष्ट्रीय सैनिक संस्था नर्मदापुरम के अध्यक्ष तथा एक सक्रिय समाजसेवी हैं, जो संपूर्ण भारत में समाजसेवा के माध्यम से अपनी सकारात्मक छवि बना चुके हैं।

कार्यक्रम में पिपरिया उपसमिति सहित नर्मदापुरम जिला संगठन की बनखेड़ी, पचमढ़ी, सोहागपुर, महेंद्रवाड़ी, इटारसी, होशंगाबाद, केसला एवं सुकतवा उपसमितियों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही।विद्यार्थियों एवं उनके माता-पिता को फूलमाला, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही समाज के वरिष्ठ एवं अनुभवी वक्ताओं ने उन्हें संस्कारवान एवं चरित्रवान नागरिक बनने के लिए मार्गदर्शन दिया।कार्यक्रम का कुशल संचालन संगठन सचिव पिपरिया अमित जावरे द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन गोपाल कृष्ण सूर्यवंशी ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी समाजबंधुओं के लिए भोजन प्रसादी का आयोजन हुआ एवं विधिवत समापन किया गया।