-मंदिर प्रांगण में मेले का भी आयोजन
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले की गैरतगंज तहसील क्षेत्र के सिद्ध पठरिया रामरसिया धाम बालाजी हनुमान मंदिर परिसर में चल रहे विष्णु महायज्ञ के आयोजन में प्रतिदिन क्षेत्र भर के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आयोजन स्थल पर प्रवचन एवं मंदिर प्रांगण में मेले के कार्यक्रम में लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रह रही है। वही समिति द्वारा प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।
तहसील के सिलवानी मार्ग पर मुख्यालय से 8 किलोमीटर की दूरी पर पठरिया धाम स्थित श्री बालाजी हनुमान मंदिर क्षेत्र भर में सिद्ध दरबार के लिए प्रसिद्ध है। इस स्थान पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 13 फरवरी से विष्णु महायज्ञ का आयोजन प्रारम्भ हुआ है। कार्यक्रम स्थल पर श्री नर्मदा महापुराण कथा का आयोजन भी किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम में यज्ञकर्ता श्री मुरारी जी महाराज, यज्ञ आचार्य पंडित अवधेश प्रसाद तिवारी, जूना अखाड़ा के संत नागा जी महाराज, कथा व्यास श्री सोमनाथ जी महाराज विशेष रूप से शामिल है। कार्यक्रम में प्रतिदिन बड़ी संख्या श्रद्धालुओं का हुजूम देखा जा रहा है परिसर में प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन चल रहा है वही यहां विशाल मेला भी लगा है। पठरियाधाम के पंडा भारत सिंह ने बताया कि आयोजन स्थल पर श्री भागवत कथा पर आधारित प्रवचन एवं भंडारे के आयोजन चल रहे हैं। इस आयोजन में अनेक संतों का सान्निध्य प्राप्त हो रहा है। यज्ञकर्ता एवं विप्रों द्वारा धार्मिक संस्कार किए जा रहे हैं। तथा प्रतिदिन बालाजी सरकार के आशीर्वाद से विभिन्न धार्मिक आयोजन चल रहे है।