इंदौर। 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाली रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले जहां शहर में अपूर्व उत्साह के साथ धार्मिक वातावरण निर्मित हो गया है, वहीं शहर का पूर्वी क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं है। रामलला के स्वागत को लेकर पूर्वी क्षेत्र के लोग भी आतुर हैं। पूरा क्षेत्र इन दिनों राम मय नजर आ रहा है।
पूर्वी क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में राम लाल के आगमन को लेकर विशेष तैयारियां की गइ हैं। धार्मिक आयोजनों का सिलसिला आरंभ भी हो गया। हर जगह भगवा पताका और झंडियां नजर आ रही हैं।
चौराहों पर और विभिन्न स्थानों पर चर्चा का मुख्य विषय 22 जनवरी को होने वाला आयोजन ही है। लोगों से इस दिन को विशेष अवसर के रूप में मनाने का आग्रह किया जा रहा है। कड़ाके की ठंड से ही क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर प्रभातफेरी निकालने का सिलसिला चल रहा है।
सार्वजानिक संकट मोचन हनुमान मंदिर संविदनगर कनाडिया रोड से राममय प्रभात फेरी निकाली गई l मेन रोड से टेलीफोन नगर चौराहा, संविद नगर गली नंबर 4 तक और गली नंबर 3 से पुनः चक्की वाले मेन रोड होते हुए हनुमान मंदिर तक प्रभातफेरी पहुंची।
प्रभातफेरी में शामिल लोगों ने पूर्ण भक्ति भाव के साथ हनुमान चालीसा के पाठ के बाद हर्षोल्लाह से जय श्रीराम के उद्घोष के साथ ही फिर मिलने का संकल्प लेते हुए राममय प्रभात फेरी का समापन किया l मेन रोड के व्यापारीगण, युवा, एवं नागरिकगण राममय प्रभात फेरी में सम्मिलित हुए। नगर पालिका निगम के पूर्व सभापति अजय सिंह नरुका, धीरेन्द्र सक्सेना आदि के साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिक रोज वाट्सएप के जरिए लोगों से प्रभातफेरी में शामिल होने का अनुरोध भी करते हैं।
तिलक नगर स्थित प्रसिद्ध सालासर बालाजी महोत्सव में 22 से 27 जनवरी तक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत पहले दिन शोभायात्रा निकाली जाएगी। तिलक नगर स्थित दुर्गा मंदिर में भी राम मंदिर में अनेक आयोजन किए जाएंगे।