निमाड़ की खुशहाली की कामना को लेकर निकाली जाने वाली श्री नवग्रह पंचक्रोषी यात्रा सफला एकादशी से शुरु होगी
श्री शैव प्रसवी संपद्राय के तत्वाधान में गुरुदेव रविंद्र भारतीकृत नर्मदा पंचक्रोषी पदयात्रा केंद्रिय समिति द्वारा आयोजित संत बोंदरु बाबा, समर्थ सद्गुरु पूर्णानंद पूण्य स्मृति एवं परम संत सांस्कृतिक ऋषि डा रविंद्र भारती की प्रेरणा से निकाले जाने वाली यह यात्रा पांच दिनों में 12 गांवों का भ्रमण कर वापस श्री नवग्रह मंदिर लौटेगी।
11 जनवरी को होगा समापन
यात्रा का समापन पौष माह की अमावस्या 11 जनवरी को होगा। केंद्रीय पंचक्रोषी यात्रा समिति के राधेश्याम शर्मा, शंकरलाल यादव, राजेंद्र शर्मा, गंगाराम मिस्त्री, पंडित लोकेश जागीरदार ने बताया कि यात्रा को लेकर न केवल जिले बल्कि समूचे निमाड़- मालवा क्षेत्र के श्रद्धालु शामिल होते हैं।
श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर
कड़कड़ाती ठंड में भी महिला, पुरुषों, बुजुर्गों यहां तक की बच्चों का उत्साह भी देखते ही बनता है। पांच दिनों में यात्री करीब 75 किमी का सफर तय करते हैं। इस दौरान यात्रा का धार्मिक स्थलों पर रात्रि विश्राम होता है। इस दौरान यहां के रहवासी पूरे उत्साह के साथ इनके भोजन, ठहरने आदि की व्यवस्था करते हैं।रविवार को सुबह यात्रा नवग्रह मंदिर में गणेश पूजन, नवग्रह पूजन औंकार ध्वज पूजन के बाद यात्रा शुरु होगी। यात्रा के ध्वजवाहक नर्मदे बाबा मेहरजा होंगे।