रिपोर्ट:धीरज जॉनसन,दमोह
दमोह शहर के फुटेरा वार्ड नंबर दो में मगंलवार दोपहर लगभग 1 बजे एक बड़ा हादसा हुआ जिसमें अब तक करीब 14 लोग हताहत हुए जिनमें से तीन की मृत्यु होना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार यहां के एक घर में पटाखे बनाने का काम होता था जो घर किसी गुप्ता परिवार का बताया जा रहा है धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और आस पास के घरों के शीशे चटक गए और दीवारों में दरार आ गई, पास में रहने वाले प्रमोद,भुजबल,अरविंद ने बताया कि धमाके के बाद घर हिल गए,बुजुर्ग घबरा गए और दीवारें और छत में दरार आ गई। हादसे के स्थान के पड़ोस में रहने वाली क्रांति,कुसुम,अनोखी ने बताया कि काफी जोर की आवाज आई,मकान हिल गया,समान गिर गए, और शीशे टूट गए।
घायलों में उमा (22) रचना (50) पुष्पा (45)आरती (30) रामकली (47) हेमलता (50)विमला (40) सुशीला (39)नेहा (45)
विनीता (43)रिंकी (32) मोहनी (35) अपूर्वा (19) और एक अज्ञात बताए गए जिनमें से दो महिला और एक पुरुष की मौत बताई जा रही है।

घटना के बाद लोगों का हुजूम लग गया और सूचना के बाद कलेक्टर, एस पी,पुलिस बल, फायर ब्रिगेड वाहन, एंबुलेंस, सीएमएचओ पहुंच गए जहां बारूद की गंध के बीच टूटे हुए घर से मलबा उठाने का काम शुरू किया गया और एक एक कर घायलों को निकाल कर जिला अस्पताल भेजा गया। इसके बाद जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और सांत्वना व्यक्त करते हुए जांच की बात कही। प्रदेश स्तर से भी इस दुखद घटना पर शोक संवेदना व्यक्त की गई इस घटना की जानकारी के बाद कमिश्नर वीरेंद्र रावत, आईजी प्रमोद वर्मा, डीआईजी सुनील जैन सागर से दमोह पहुंचे और जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से तथा घटनास्थल पर घटना का जायजा लिया। इस संबंध में कलेक्टर मयंक अग्रवाल का कहना था कि अवैध फेक्ट्री थी,रिहायशी इलाकों में कोई फैक्ट्री नहीं होती,गड़बड़ी की मजिस्ट्रियल जांच करवाएंगे,नियमानुसार मुआवजा राशि दिलाएंगे,जो दोषी पाया जाएगा उस पर कार्यवाही की जाएगी। वही एस पी सुनील तिवारी का कहना था कि अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालित की जा रही थी मजिस्ट्रीयल फैक्ट्स इकठ्ठा किए जाएंगे ।

इनका कहना हे-
“दमोह नगर में जो दुर्घटना घटित हुई है जिससे सभी दुखी और खेदित है और चिंतित भी है कि इस तरह की घटना नहीं होना चाहिए। विस्फोटक सामग्री का निर्माण शहर के अंदर हो रहा था निश्चित ही यह निंदा का विषय है। घायलों जल्दी स्वस्थ हों और मृतकों के परिवार को ईश्वर शोक सहन करने की क्षमता प्रदान करे।
प्रीतम सिंह जिलाध्यक्ष, भाजपा
दमोह शहर में ऐसी ह्रदय विदारक घटना कभी नहीं हुई, अभी तो यह भी स्पष्ट नहीं है कि इन्हें अनुमति थी की नहीं। इस घटना से सभी दुखी है हम इसकी घोर निन्दा करते है और घायल शीघ्र स्वस्थ हों और जो शांत हो गए हैं उनको विनम्र श्रद्धांजलि देते हैं।
रतन चंद्र जैन अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी