रिपोर्ट धीरज जॉनसन,दमोह
दमोह जिला मुख्यालय से करीब 18 किमी दूर पटी शीशपुर ग्राम के प्राथमिक स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा में पढ़ रहे 40 नौनिहाल जर्जर और क्षतिग्रस्त भवन के एक ही कक्ष में पढ़ने को मजबूर है। हालांकि इस संबंध में बी आर सी ललित रैकवार का कहना था कि मरम्मत के लिए प्रपोजल भेज दिया है,परंतु वर्तमान में छात्र जीर्ण शीर्ण कक्ष में अध्ययन करते प्रतीत होते है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस स्कूल में तीन शिक्षक पदस्थ है परंतु गुरुवार को दोपहर 2:30 पर यह पाया गया कि स्कूल में एक शिक्षिका मौजूद है शेष दो शिक्षक उपस्थिति दर्शा कर जा चुके थे।
हालांकि जिले के ग्रामीण इलाकों के अधिकतर विद्यालयों से निर्धारित समयों में शिक्षको के स्कूल में उपस्थित न होने और भवन के क्षतिग्रस्त होने के समाचार सामने आते रहते है जिन्हे देख और सुन कर लगता है कि सरकारी स्कूल की शिक्षा व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव की आवश्यकता है।

कुछ इसी तरह का हाल इससे निकट के ग्राम शीशपुर के नवीन प्राथमिक शाला का था, जहां एक ही कमरे में अलग-अलग कक्षा के करीब 9 छात्र उपस्थित थे। जानकारी के अनुसार यहां एक ही शिक्षक पदस्थ हैं पर वे भी प्रशिक्षण में गए हुए थे और भोजन वितरण करने वाले समूह की महिलाएं ही यहां दिखाई दी, भवन की छत भी कमजोर प्रतीत हो रही थी जिसमें लगा हुआ सीमेंट का जोड़ भी गिर चुका था,जिस पर शायद अब तक जिम्मेदारों की निगाह नहीं गई है।