सलामतपुर रायसेन से अदनान खान की रिपोर्ट
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सलामतपुर थाना अंतर्गत दीवानगंज चौकी प्रभारी सत्येंद्र दुबे ने स्थानीय बैंकों का सोमवार को निरीक्षण किया। इस दौरान पार्किग में खड़े वाहनों को भी चेक किया तथा सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।सोमवार को दीवानगंज चौकी प्रभारी सत्येंद्र दुबे ने पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत मीणा के निर्देशन में एसडीओपी अदिति सक्सेना के मार्गदर्शन में अपराध रोकने की दृष्टि से दीवानगंज के बैंक ऑफ बड़ौदा एवं क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक पहुंचे। और उन्होंने बैंक में संचालित सीसीटीवी कैमरे को देखा।

साथ ही बैंक में लगे सायरन को भी चेक किया। इसके साथ ही उन्होंने बैंक कर्मचारियों को अपराध रोकने की दृष्टि से किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने बैंक के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने वाले व्यक्तियों को भी फटकार लगाई। वहीं उन्होंने बताया कि बैंकों की चेकिंग अपराध रोकने के मद्देनजर की जा रही है।गौरतलब है कि अभी 2 दिन पहले मंडीदीप में बैंक से पैसे निकाल कर जा रहे एक युवक की आंखों में मिर्ची डालकर 10 लाख रुपए की दिनदहाड़े लूट की वारदात हो गई थी। इसी के मद्देनजर पुलिस द्वारा बैंकों का सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया जा रहा है।