जिला प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन NO-7049119001
हेमेंन्द्रनाथ तिवारी
उज्जैन।सावन भादो मास में शहर में निकलने वाली भगवान महाकालेश्वर की सवारियों के दौरान दर्शनार्थियों की संख्या अधिक होने पर यह शिकायत प्राप्त हुई है कि होटल वाले मनमाने राशि वसूल करते हैं ओर ऑटो रिक्शा वाले भी दर्शनार्थियों के साथ बदसलूकी करके उनसे अधिक पैसा ऐंठते हैं। इस संबंध में जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस द्वारा संज्ञान लेते हुए होटल वालों एवं ऑटो रिक्शा वालों की शिकायत करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 7049119001 जारी किया है।

कोई भी व्यक्ति मय प्रमाण के होटल एवं ऑटो रिक्शा द्वारा ली गई अधिक धनराशि की शिकायत इस पर कर सकता है। इस नंबर पर व्हाट्सअप भी उपलब्ध है। जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित होटल के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए होटल को बंद करवा दिया जाएगा। साथ ही ऑटो रिक्शा का परिवहन लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर आशीष सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र कुमार शुक्ल ने इस मामले में स्पष्ट रूप से कहा है कि सभी होटल वाले नियत राशि ही श्रद्धालुओं से लें। साथ ही ऑटो रिक्शा वालों को भी हिदायत दी है कि वह निर्धारित किराया ही सवारियों से लें व यात्रियों से बदसलूकी ना करें।अन्यथा उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।