मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड क्षेत्र के गांव नरखेड़ा गांव के मोड पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कुलहड़िया से अपने गांव सेमरी ट्रैक्टर लेकर जा रहे अरुण यादव पिता कल्याण सिंह यादव का ट्रैक्टर नरखेड़ा गांव के आगे मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। हादसे में अरुण यादव ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने दूसरे ट्रैक्टर की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को हटाकर नीचे दबे अरुण यादव को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि हादसे में अरुण यादव गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना स्तर पर दीवानगंज पुलिस पहुंचने के बाद घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नरखेड़ा गांव निकलते ही रोड पर मोड़ होने के कारण ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे खेत में जा पलटा। समय रहते ग्रामीणों की मदद मिलने से अरुण यादव की जान बच सकी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।