गोसाई मोहल्ला में देर रात की घटना, सुबह बहन ने देखा शव; पीएम के लिए रायसेन ले जाना पड़ा
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज के गोसाई मोहल्ला में बुधवार-गुरुवार देर रात एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही दीवानगंज पुलिस चौकी प्रभारी सुनील शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोसाई मोहल्ला निवासी अभिषेक उर्फ भोला आदिवासी पिता कमल सिंह आदिवासी उम्र 19 वर्ष रोजाना की तरह रात में घर की छत पर सोने गया था। गुरुवार सुबह उसकी छोटी बहन चाय बनाने के लिए कमरे में पहुंची तो भाई को फंदे पर लटका देख चीख पड़ी। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अभिषेक की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना दीवानगंज पुलिस चौकी को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को फंदे से उतारकर कमरे की तलाशी ली, लेकिन ऐसा कोई सामान या सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ जिससे आत्महत्या के कारणों का पता चल सके। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रायसेन भेजा। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

मृतक के पिता कमल सिंह मिस्त्री ने बताया कि अभिषेक चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। परिवार में दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बड़ा भाई और छोटी बहन घर पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि समझ नहीं आ रहा कि अभिषेक ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
पीएम सुविधा नहीं होने से बढ़ रही परेशानी
घटना के बाद एक बार फिर दीवानगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम सुविधा नहीं होने का मुद्दा सामने आया है। क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि दीवानगंज के आसपास करीब 40 गांवों के लोगों को किसी भी दुर्घटना या संदिग्ध मौत के बाद पोस्टमार्टम के लिए 25 किलोमीटर दूर सांची या 31 किलोमीटर दूर रायसेन जाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि दीवानगंज से रेलवे लाइन और भोपाल-विदिशा हाईवे-18 गुजरता है, जहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसके बावजूद पिछले एक वर्ष से अधिक समय से दीवानगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द पीएम सुविधा शुरू करने की मांग की है।
पुलिस का कहना हे
दीवानगंज पुलिस चौकी प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। युवक फांसी पर लटका मिला। आसपास जांच की गई है, लेकिन कोई ऐसा सामान बरामद नहीं हुआ जिससे आत्महत्या के कारण स्पष्ट हो सकें। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट पता चलेगा की मौत किस कारण से हुई है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुनील शर्मा दीवानगंज पुलिस चौकी प्रभारी