– किसानों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील में शासन द्वारा निर्धारित गेहूं खरीदी केंद्रों पर समर्थन मूल्य एमएसपी पर गेहूं खरीदी का कार्य विधिवत प्रारंभ हो गया है। खरीदी शुरू होते ही प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय नजर आए और विभिन्न केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अंकित जैन आईएएस ने खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित सोसायटी एवं वेयरहाउस प्रबंधन को निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं सुचारू एवं पारदर्शी रूप से संचालित हों।
निर्धारित मापदंडों का पालन अनिवार्य
एसडीएम श्री जैन ने कहा कि गेहूं की खरीदी शासन द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों एफएक्यू के अनुसार ही की जाए। इसके अंतर्गत नमी, टूटे या कटा दाना क्षतिग्रस्त इन मानकों के अनुरूप गेहूं होने पर ही किसानों को पूरा समर्थन मूल्य प्रदान किया जाएगा।

किसानों से किया सीधा संवाद
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कृषि उपज मंडी पहुंचकर किसानों के साथ बैठकर खरीदी व्यवस्था पर चर्चा की और उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। अधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
इन केंद्रों का किया गया निरीक्षण
एसडीएम श्री जैन द्वारा गैरतगंज कृषि उपज मंडी परिसर के साथ-साथ देव ज्योति वेयरहाउस, आदर्श वेयरहाउस (गैरतगंज), यश इंफ्रा वेयरहाउस अगरिया सड़क, गढ़ी, बालाजी वेयरहाउस गढ़ी एवं शिव वेयरहाउस देहगांव का निरीक्षण किया गया। इस दौरान तहसीलदार नरेश सिंह राजपूत, नायब तहसीलदार हर्ष गुप्ता, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी गोविंद नामदेव तथा थाना प्रभारी डी.पी. लोहिया उपस्थित रहे।
खरीदी के प्रमुख नियम
समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए किसानों का पंजीयन अनिवार्य है। आधार और बैंक खाते का लिंक होना आवश्यक है, जिससे भुगतान सीधे खाते में (डीबीटी) किया जा सके। भूमि रिकॉर्ड (खसरा-खतौनी) का सत्यापन किया जाता है तथा अधिकृत कांटे पर ही तौल कर रसीद प्रदान की जाती है। बारदाने की व्यवस्था शासन अथवा किसान द्वारा की जाती है।

भुगतान एवं आवश्यक व्यवस्थाएं
किसानों को गेहूं का भुगतान सामान्यतः 48 से 72 घंटे के भीतर सीधे बैंक खाते में किया जाता है। खरीदी केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल, छाया एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। गीला अथवा खराब गुणवत्ता का गेहूं खरीदी में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, पारदर्शी खरीदी सुनिश्चित करना और समय पर भुगतान कराना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।