भोपाल-विदिशा हाईवे 18 पर भीषण भिड़ंत, ट्रैक्टर में लगी आग, बड़ा हादसा टला, दोनों ट्रैक्टर ड्राइवर को मामूली सी चोट
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे 18 पर कर्क रेखा के पास बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डॉक्टर नंदा के खेत के पास दो ट्रैक्टर भिड़ गए, टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ट्रैक्टर खेत में जाकर पलट गया, जबकि दूसरा ट्रैक्टर भी अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसा और उसमें अचानक आग लग गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आसपास के ग्रामीणों ने अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

बताया जा रहा है कि एक ट्रैक्टर देहरी निवासी रामनारायण का था, जबकि दूसरा ट्रैक्टर बालमपुर निवासी लीलाकिशन का था। हादसे में दोनों ट्रैक्टर चालकों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। दोनों ट्रैक्टर खेत में गेहूं निकलवाने के लिए बेची गांव जा रहे थे तभी हादसा हो गया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
बता दे की भोपाल विदिशा हाईवे 18 पर हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। 40 किलोमीटर मार्ग पर तीन से चार दुर्घटनाएं होना आम बात हो गई है।
सुखी बायपास रोड बंद हो जाने के कारण से हाईवे 18 पर पहले जहां 12 हजार वाहन निकलते थे अब हाईवे 18 से 16 से 17 हजार वाहन निकल रहे हैं जिससे हाईवे 18 पर अत्यधिक ट्रैफिक बढ़ गया है जिस कारण दुर्घटनाओं में इजाफा हुआ है।