मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची ब्लॉक की ग्राम पंचायत जमुनिया के गांव कयामपुर में देर रात बाघ ने एक गाय का शिकार कर लिया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान बाबूलाल कुशवाहा के खेत पर बनी टपरिया में उनकी गाय रस्सी से बंधी हुई थी। देर रात बाघ टपरिया में घुस आया और गाय पर हमला कर दिया। बाघ गाय को घसीटकर दूर ले जाने लगा, लेकिन रस्सी से बंधे होने के कारण वह ज्यादा दूर नहीं ले जा सका और वहीं पर उसे मारकर खा गया।
सुबह जब बाबूलाल कुशवाहा टपरिया पर पहुंचे, तब घटना की जानकारी सामने आई।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कयामपुर गांव में कई मवेशियों का शिकार बाघ और तेंदुए द्वारा किया जा चुका है। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है और लोग अपने पशुओं व परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और बाघ-तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
दीवानगंज क्षेत्र के आसपास 10 से 12 गांवों में बाघ और तेंदुआ का मूवमेंट लगातार बढ़ता जा रहा है जिससे किसान और ग्रामीण खासा परेशान है।