गोपनीय सूचना पर घेराबंदी कर पकड़े आरोपी, बाइक भी जब्त
देवेन्द्र तिवारी सांची, रायसेन
अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 किलो गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देश तथा एसडीओपी कमलेश खरपुसे के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। दिनांक 31 मार्च 2026 को मुखबिर से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों में राहुल (22 वर्ष) एवं जसवंत (19 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम टपरा पठारी थाना कोतवाली रायसेन शामिल हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 4 किलो अवैध गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (MP 38 MH 7013) बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयप्रकाश त्रिपाठी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
सांची पुलिस की सतर्कता से नशे के कारोबार पर लगातार लगाम कसती नजर आ रही है।