16 अप्रैल को लखनऊ अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में होगी अगली स्क्रीनिंग
भोपाल। हाल ही में संपन्न हुए नागपुर फिल्म फेस्टिवल में निर्देशक सुनील सोन्हिया की ऐतिहासिक एवं पौराणिक विषय पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म “जामगढ़ – श्री कृष्ण की ससुराल” की सराहनीय स्क्रीनिंग की गई। फिल्म को दर्शकों, फिल्म समीक्षकों और फिल्म निर्माताओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई। स्क्रीनिंग के दौरान दर्शकों ने फिल्म की कहानी, रिसर्च और प्रस्तुति की विशेष रूप से सराहना की।

फिल्म से जुड़े विशेषज्ञों ने बताया कि इस डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से दर्शकों को द्वापर युग और त्रेता युग से जुड़े जामवंत जी की गुफा के ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व को समझने का अवसर मिला। फिल्म में आधुनिक तकनीक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का अत्यंत प्रभावी और आकर्षक उपयोग किया गया है, जिससे फिल्म की विज़ुअल प्रस्तुति और भी प्रभावशाली बन गई है। दर्शकों ने इसे ज्ञानवर्धक और तकनीकी रूप से सशक्त डॉक्यूमेंट्री बताया।

इस अवसर पर फिल्म के निर्देशक सुनील सोन्हिया, सह-निर्देशक विवेक शर्मा, सिनेमेटोग्राफर एवं एडिटर अंकित मैथिल तथा सहयोगी अभिषेक पाराशर को आयोजकों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। फिल्म की पूरी टीम ने इस सफलता का श्रेय अपनी मेहनत, रिसर्च और टीमवर्क को दिया।
उल्लेखनीय है कि इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म को अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल सिनेब्रेशन में रनर-अप अवॉर्ड प्राप्त हो चुका है। इसके अलावा खजुराहो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में भी फिल्म की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जहाँ इसे दर्शकों द्वारा काफी सराहा गया था।
फिल्म की उपलब्धियों का सिलसिला लगातार जारी है। आगामी 16 अप्रैल को लखनऊ फिल्म फेस्टिवल में भी इस फिल्म की स्क्रीनिंग के लिए चयन किया गया है। इस चयन से फिल्म से जुड़े कलाकारों, तकनीकी टीम और निर्माताओं में खुशी और उत्साह का माहौल है। टीम को उम्मीद है कि लखनऊ में भी फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार और सराहना मिलेगी।