मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
क्षेत्र में गर्मी ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। रविवार को दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते हॉट बाजार में भी सन्नाटा पसरा रहा।
रविवार को दोपहर करीब 3 बजे तक बाजार में बहुत कम लोग दिखाई दिए। आम दिनों में जहां इस समय बाजार में अच्छी खासी भीड़ रहती है, वहीं तेज गर्मी के कारण दुकानदार भी सुस्त नजर आए और ग्राहक भी कम पहुंचे।
तेज धूप के चलते मुख्य सड़कों पर भी आवाजाही कम रही। कई स्थानों पर सड़कें लगभग सूनी दिखाई दीं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते नजर आए।
ग्रामीणों का कहना है कि होली के बाद अचानक बढ़ी गर्मी से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। दोपहर के समय तेज धूप के कारण लोग घरों में ही रहना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
मौसम के बदलते तेवरों को देखते हुए लोगों ने दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है, ताकि गर्मी से होने वाली परेशानियों से बचा जा सके।