शहीद दिवस पर दूरदर्शन का विशेष लाइव कार्यक्रम “साहित्य में बलिदान की गूंज” पर बोलेंगे याज्ञवल्क्य, बताएंगे शहीदों की अमर गाथा
रायसेन। शहीद दिवस के पावन अवसर पर 23 मार्च को दूरदर्शन द्वारा एक विशेष लाइव कार्यक्रम “नमस्कार एमपी” के अंतर्गत प्रसारित किया जाएगा। प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक प्रसारित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम का विषय रहेगा— “साहित्य में बलिदान की गूंज”।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार एवं इतिहास-चिंतक सत्यनारायण याज्ञवल्क्य इस अवसर पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। वे साहित्य में बलिदान की परंपरा, उसके ऐतिहासिक संदर्भ और वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डालेंगे। उल्लेखनीय है कि सत्यनारायण याज्ञवल्क्य इतिहास एवं दर्शनशास्त्र के विद्वान होने के साथ-साथ विलीनीकरण आंदोलन के अमर शहीदों के बलिदान पर आधारित “श्रद्धांजलि” जैसी महत्वपूर्ण पुस्तक के लेखक भी हैं। उन्होंने यह पुस्तक छह जनवरी 1993 में लिखी थी। कार्यक्रम की एक विशेषता यह भी रहेगी कि दर्शक लाइव प्रसारण के दौरान फोन के माध्यम से जुड़कर अपने प्रश्न पूछ सकेंगे और विषय पर संवाद स्थापित कर सकेंगे। शहीद दिवस पर प्रसारित होने वाला यह कार्यक्रम साहित्य, इतिहास और राष्ट्रभावना के संगम का एक सशक्त माध्यम बनेगा, जिससे प्रदेशवासियों को प्रेरणा प्राप्त होगी।इस दौरान दर्शक दूरदर्शन केन्द्र के फोन नंबर 0755-2660049 एवं 2660632 पर फोन लगाकर प्रश्न भी पूछ सकते हैं।