मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम निनोद में शुक्रवार तीज के अवसर पर आस्था और परंपरा का अनोखा आयोजन देखने को मिला। गांव में स्थित ठाकुर बाबा के स्थान पर निनोद सरपंच हरिओम मीना द्वारा 6 राई नृत्य दलों को बुलाकर राई नृत्य का आयोजन कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर राई कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे देखने के लिए गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। रातभर चले इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने ठाकुर बाबा के दरबार में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इस आयोजन की एक विशेष परंपरा भी है। यहां प्रसाद को फेंक कर वितरित किया जाता है, जिसे श्रद्धालु अपने हाथों से पकड़कर ग्रहण करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह मान्यता कई वर्षों पुरानी है और लोग इसे आस्था के साथ निभाते चले आ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि हर साल तीज के अवसर पर यह आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर ठाकुर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।