सी के पारे रायसेन
क्षेत्र में गेहूं खरीदी के लिए किए जा रहे किसानों के पंजीयन कार्य में इन दिनों सर्वर की समस्या के कारण काफी दिक्कतें आ रही हैं। पंजीयन केंद्रों पर सर्वर बार-बार डाउन होने से किसानों का पंजीयन नहीं हो पा रहा है, जिससे किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान अपने जरूरी दस्तावेज लेकर पंजीयन केंद्र पहुंच रहे हैं, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण उनका काम नहीं हो पा रहा है। कई किसान दूर-दराज के गांवों से केंद्र तक पहुंचते हैं, फिर भी सर्वर नहीं चलने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि शासन द्वारा पंजीयन की अंतिम तिथि 10 मार्च तक बढ़ा दी गई है, लेकिन जब सर्वर ही सही तरीके से नहीं चल रहा है तो तिथि बढ़ाने का भी कोई खास लाभ नहीं मिल रहा है। पंजीयन केंद्रों पर कर्मचारियों के अनुसार सर्वर कभी धीमा चलता है तो कभी पूरी तरह बंद हो जाता है, जिससे पंजीयन की प्रक्रिया रुक-रुक कर चल रही है। इस कारण केंद्रों पर किसानों की भीड़ भी बढ़ती जा रही है और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्वर की समस्या को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए, ताकि समय रहते सभी किसानों का पंजीयन हो सके और उन्हें बार-बार केंद्रों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी समस्या की जानकारी उच्च स्तर पर दे दी गई है और जल्द ही सर्वर को सुचारू रूप से चालू करने का प्रयास किया जा रहा है।