सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर के वार्ड क्रमांक 12 में सड़क निर्माण एजेंसी द्वारा नाली का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ने से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में वार्ड वासियों ने अनुविभागीय अधिकारी और तहसीलदार को आवेदन सौंपकर उचित वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, नगर के वार्ड क्रमांक 12 ग़ैरतपुर में नायरा पेट्रोल पंप के सामने से पचमढ़ी ढाबा की ओर एक वर्ष पूर्व सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण कार्य शुरू किया गया था। एजेंसी ने एक तरफ का काम तो पूरा कर लिया, लेकिन दूसरी ओर पेट्रोल पंप के सामने से नाली का निर्माण बीच में ही छोड़ दिया गया है।

नाली का निर्माण न होने से दुकानों के सामने का रास्ता बाधित है, जिससे व्यापार ठप होने की कगार पर है। वार्डवासियों ने आशंका जताई है कि यदि बारिश से पहले नाली पूरी नहीं हुई, तो पानी घरों और दुकानों में घुसेगा, जिससे जल भराव का संकट खड़ा हो जाएगा। वार्डवासियों में फोरलेन निर्माण ठेकेदार पर मनमानी का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता गोपाल राय, दीपेंद्र पटेल, नंदकिशोर, अभिलाष कुमार, शेरसिंह, सुमित, पवन गौर सहित अन्य वार्ड वासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की मौका स्थल पर जांच की जाए और दुकानों तक आने-जाने का रास्ता सुचारू करने के लिए दूसरी तरफ की नाली का निर्माण अति शीघ्र कराया जाए।