तारिक खान रायसेन
रायसेन/उदयपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत उदयपुरा टोल प्लाजा के समीप करियागांव के पास आज एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार इनोवा कार ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरा और पूरी तरह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल बाइक सवार युवक देवरी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इनोवा कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे यह हादसा हुआ।
108 एम्बुलेंस की तत्परता से बची जान
घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस सेवा तुरंत मौके पर पहुंची।एम्बुलेंस नंबर CG 04 NS 4609 के पायलट: उपदेश नाथ ईएमटी: शरद ने बिना समय गंवाए घायल को प्राथमिक उपचार दिया और तत्काल उदयपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों द्वारा घायल का उपचार जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, इनोवा कार चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं प्रशासन और आमजन दोनों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। जरूरत है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।