तीन दिन की बारिश से पहले ही हो चुका नुकसान
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
क्षेत्र में शुक्रवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और ठंडी हवा चलती रही, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई। पिछले सप्ताह लगातार तीन दिन हुई हल्की बारिश से फसलों को पहले ही नुकसान हो चुका है, ऐसे में फिर मौसम बिगड़ने की आशंका ने ग्रामीणों को परेशान कर दिया है।
किसानों का कहना है कि इस समय खेतों में गेहूं, चना और मसूर की फसल पकने की अवस्था में है। हल्की बारिश से भी दाने काले पड़ने, झुकने और उत्पादन घटने का खतरा रहता है। पिछले सप्ताह हुई बारिश से कई खेतों में फसल झुक गई थी जिससे फसल उत्पादन में 20 से 25% की कमी आएगी। कई जगह चना और मसूर की फसल पक चुकी है। मौसम खराब होने से कटाई में देरी हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार यदि फिर बारिश होती है तो नुकसान और बढ़ सकता है। किसान अब मौसम साफ होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं ताकि कटाई का कार्य समय पर किया जा सके।
कृषि से जुड़े लोगों का कहना है कि फरवरी–मार्च में बेमौसम बादल और बारिश रबी फसलों के लिए सबसे बड़ा खतरा मानी जाती है। इसलिए अचानक मौसम खराब होने से क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया है।