बोर्ड परीक्षा देने जा रहीं छात्राओं को तेज रफ्तार डंपर ने मारी टक्कर, तीन गंभीर; अस्पताल में आधा घंटे तड़पते रहे घायल
सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सुल्तानगंज में बेलगाम डंपरों की रफ्तार ने एक बार फिर बड़ा हादसा कर दिया। दसवीं बोर्ड परीक्षा देने जा रहीं दो छात्राओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इतना ही नहीं, घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद भी लापरवाही सामने आई हे। अस्पताल में चिकित्सक मौजूद नहीं थे और घायल आधा घंटे तड़पते रहे।
घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे की है। घाना कलां निवासी रामराज सिंह राजपूत अपनी बेटी प्रेमवती और उसकी सहेली शिखा सेन को परीक्षा दिलाने सुल्तानगंज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ले जा रहे थे। तभी सुल्तानगंज–बेगमगंज मार्ग पर बस स्टैंड के पास घाट में पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों करीब 40 फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन यहां हालात चौंकाने वाले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस समय अस्पताल में कोई भी चिकित्सक मौजूद नहीं था। घायल करीब आधा घंटे तक दर्द से कराहते रहे। करीब आधे घंटे बाद चिकित्सा अधिकारी पहुंचे, तब उपचार शुरू हुआ और प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को सागर रेफर किया गया।इस लापरवाही से परिजन और ग्रामीणों में अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ भारी आक्रोश है।
इधर हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर भाग निकला, लेकिन ग्रामीणों ने करीब तीन किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर डंपर जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक ओर बोर्ड परीक्षा देने जा रही बेटियां जिंदगी की जंग लड़ रही हैं, तो दूसरी ओर बेलगाम रफ्तार और अस्पताल की लापरवाही ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक इन डंपरों पर लगाम लगाता है।