श्रीराम के राज्याभिषेक प्रसंग पर उमड़ा जनसैलाब, विशाल भंडारा का हुआ आयोजन
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले दीवानगंज क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री सिद्धेश्वर धाम सिद्ध गुफा परिसर में एक सप्ताह से चल रही श्रीराम कथा का भव्य समापन हुआ। अंतिम दिवस कथा वाचक चंद्र मोहन तिवारी ने भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास पूर्ण कर अयोध्या लौटने तथा उनके राज्याभिषेक (राजतिलक) का मार्मिक प्रसंग सुनाया। कथा स्थल पर उपस्थित श्रद्धालु श्रीराम के अयोध्या आगमन और रामराज्य स्थापना के प्रसंग को सुन भावविभोर हो उठे।

इसके साथ ही सिद्धेश्वर धाम सिद्ध गुफा मंदिर में आयोजित अश्वमेध महायज्ञ की भी पूर्णाहुति विधि-विधान से संपन्न हुई। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा, नरखेड़ा, जमुनिया, निनोद, बरजोरपुर, सरार, कयामपुर, संग्रामपुर, करैया, गिदगढ़, सत्ती , टोला, बालमपुर, देहरी, बेरखेड़ी चौराहा , खोह सहित 50 से ज्यादा गांव के श्रद्धालुओं ने प्रसाद के रूप में भोजन ग्रहण किया। परिसर में धार्मिक मेले जैसा वातावरण रहा। व्यापारियों ने खेल खिलौने और झूले सहित कई दुकानें लगी हुई थी।
संयोजक श्री राम रामा दल शिव शक्ति गौ सेवा जन कल्याण समिति के गुरु श्री सिद्धेश्वर के शिष्य मध्य प्रदेश अध्यक्ष महंत बजरंगदास 108 श्री दादा गुरु द्वारा आयोजन किया जा रहा था।
श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की सुविधा के लिए झूले लगाए गए तथा बच्चों के खिलौनों व पूजन सामग्री की कई दुकानें सजीं। दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा।

समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, ग्रामीणों व सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र में सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
कुल मिलाकर एक सप्ताह से चल रही राम कथा समापन और अश्वमेध महायज्ञ पूर्णाहुति के साथ गीदगढ़ गुफा धाम में भक्ति, आस्था और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला।