शरद शर्मा बेगमगंज, रायसेन
बेगमगंज में पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर बड़ी चोरी का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 3 लाख 70 हजार रुपये की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी।
घटना 21-22 फरवरी की दरमियानी रात की है, जब घोषी मोहल्ला निवासी रितेश जैन की हार्डवेयर दुकान से अज्ञात चोर 3 लाख 70 हजार रुपये नगद पार कर ले गए। सुबह दुकान का सामान बिखरा मिला और कैश गायब था। पुलिस ने अपराध क्रमांक 49/26 धारा 331(4), 305(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसडीओपी सोनाली गुप्ता और थाना प्रभारी राजीव उईके के नेतृत्व में टीम ने 15 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद ली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अनिल कुशवाहा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पीछे से शटर खोलकर कैमरे का कनेक्शन काटा, डीवीआर हटाया और नकदी चोरी करना कबूला।
आरोपी के घर से 3 लाख 60 हजार रुपये, कैमरा और डीवीआर बरामद किए गए। पिता गणेशराम कुशवाहा को भी सहयोग के आरोप में सह-आरोपी बनाया गया है। एसपी आशुतोष गुप्ता ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।