सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज/बेगमगंज रायसेन
बेगमगंज के पड़रिया राजा धार में विकास के नाम पर हरियाली पर बड़ा वार किए जाने का आरोप सामने आया है। शासकीय हाई स्कूल परिसर में पीएम श्री स्कूल भवन निर्माण की आड़ में करीब 100 साल पुराने पीपल, बरगद और यूकेलिप्टस सहित लगभग 12 हरे-भरे विशाल पेड़ों को काट दिया गया। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि यह कटाई स्कूल प्राचार्य जाहर सिंह लोधी की देखरेख में बिना वैध अनुमति और बिना किसी नीलामी प्रक्रिया के कराई गई।

स्थानीय निवासी विनय कुमार विश्वकर्मा, कुलदीप लोधी और गांव के वरिष्ठ नागरिकों ने SDM सौरव मिश्रा को व्हाट्सएप के माध्यम से आवेदन भेजकर मांग की गई थी, कि सैकड़ों वर्ष पुराने पेड़ों को जड़ से उखाड़ दिया गया, जिससे क्षेत्र का ग्रीन कवर पूरी तरह प्रभावित हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिन पेड़ों को तैयार होने में पीढ़ियां लग गईं, उन्हें कुछ घंटों में काट दिया गया। अगर नए पौधे लगाए भी जाएं, तो उन्हें छांव और पर्यावरणीय संतुलन देने में दशकों लगेंगे।
आवेदन के बाद नायब तहसीलदार विक्रम राजपूत ने मौके का निरीक्षण कर जांच का आश्वासन दिया है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या जांच के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?