रायसेन के हलाली डैम से मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज लुप्तप्राय प्रजातियों के 5 गिद्धों को हलाली डेम क्षेत्र में करेंगे मुक्त
मध्यप्रदेश में उपग्रह टेलीमेट्री जैसे नवाचारों से बढ़ रही है गिद्धों की संख्या
रायसेन।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 फरवरी सोमवार को रायसेन जिले में हलाली डेम क्षेत्र में लुप्तप्राय प्रजाति के 5 गिद्धों को प्राकृतिक आवास में मुक्त करेंगे। इनमें चार भारतीय गिद्ध (जिप्स इंडिकस) और एक सिनेरियस गिद्ध (एजिपीयस मोनाकस) शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव 23 फरवरी को अपरान्ह 03.45 बजे भोपाल से प्रस्थान कर शाम 04.30 बजे हलाली डैम के समीप वन क्षेत्र पहुंचेंगे और लुप्तप्राय प्रजाति के 5 गिद्धों को प्राकृतिक आवास में मुक्त करेंगे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री डॉ यादव शाम 04.50 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
उल्लेखनीय है कि उच्च परिशुद्धता वाले जीपीएस-जीएसएम उपग्रह ट्रांसमीटरों से सुसज्जित पाँच दुर्लभ प्रजाति के गिद्धों को भोपाल स्थित गिद्ध संरक्षण प्रजनन केंद्र में व्यवस्थित अनुकूलन और अवलोकन अवधि के बाद मुक्त किया जा रहा है। टैगिंग प्रक्रिया सभी संबंधित संस्थाओं एवं वन विभाग के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वाइल्डलाइफ एसओएस के वन्यजीव पशु चिकित्सक की देखरेख में हुई।