औबेदुल्लागंज-रायसेन में तीन रात से रुक-रुक कर बारिश, तापमान गिरने से बढ़ी ठंड, गेहूं-चना की फसल पर असर
सी के पारे रायसेन
रायसेन औबेदुल्लागंज में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। लगातार बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई है, जिससे ठंड अचानक बढ़ गई है। सुबह और देर रात ठिठुरन अधिक महसूस की जा रही है।
बारिश का असर ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक देखा जा रहा है, जहां खेतों में पानी भरने की स्थिति बन गई है। गेहूं और चना की खड़ी फसल पर इसका असर पड़ने की आशंका है। कुछ किसानों का कहना है कि हल्की बारिश से फायदा हो सकता है, लेकिन लगातार नमी से फसल को नुकसान भी पहुंच सकता है।
जिन खेतों में जल निकासी की व्यवस्था नहीं है वहां फसल पीली पड़ने का खतरा बढ़ गया है। किसानों ने जल्द धूप निकलने की उम्मीद जताई है ताकि फसल सुरक्षित रह सके। मौसम में आए इस बदलाव से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।