मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर देर रात भव्य शिव बारात निकाली गई। बारात में भगवान भोलेनाथ की सजीव झांकी आकर्षण का केंद्र रही। ढोल-नगाड़ों और डीजे की भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे।
शिव बारात में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
शिव बारात दीवानगंज तालाब, भवानी चौक, राम जानकी मंदिर, इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर, सोसाइटी, और सरकारी अस्पताल सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुंची, जहां भगवान शिव-पार्वती विवाह एवं पूजन-अर्चन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। वही दिन में ग्राम दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा नरखेड़ा, जमुनिया, निनोद, बरजोरपुर, सरार, कयामपुर ,संग्रामपुर ,करैया, बालमपुर, गीदगढ़, टोला ,सहित कई गांवों के मंदिरों पर दिनभर पूजा अर्चना का दौर चलता रहा। वही कई गांवों में भी शिव बारात का आयोजन किया गया।देर रात तक भजन-कीर्तन और प्रसादी वितरण चलता रहा।