– महाशिवरात्रि पर शिव-पार्वती विवाह, दिनभर गूंजे भजन-कीर्तन; 300 फीट ऊंचे प्राचीन शिवधाम पर लगा विशाल मेला
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
महाशिवरात्रि पर्व पर गीदगढ़ गुफा मंदिर क्षेत्र में इस वर्ष भी भव्य धार्मिक आयोजन हुआ, जिसमें आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ऊपर श्री सिद्धेश्वर महाराज सोशल वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में बालमपुर स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर से गीदगढ़ गुफा मंदिर तक ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर आकर्षक शिव बारात निकाली गई।

गुफा मंदिर पहुंचने पर भगवान शिव-पार्वती का पारंपरिक विधि-विधान से विवाह संस्कार कराया गया। इस अवसर पर रामेश्वर शर्मा, जनप्रतिनिधि सहित आसपास के लगभग 50 गांवों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। दिनभर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा, जिससे पूरा पर्वत क्षेत्र शिवमय वातावरण में डूबा रहा।

करीब 300 फीट ऊंचाई पर स्थित गीदगढ़ गुफा मंदिर प्राचीन शिवधाम के रूप में प्रसिद्ध है, जहां भगवान शिव की प्राचीन प्रतिमा विराजमान है। महाशिवरात्रि पर यहां प्रतिवर्ष विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय मान्यता के अनुसार मंदिर परिसर में रहने वाली मधुमक्खियों को शिवजी की सेना स्वरूप माना जाता है, जिससे इस धाम की धार्मिक आस्था और भी गहरी हो जाती है।
महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।