रायसेन ।जिले के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कमरोंरा में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय युवती कु. शिवानी आदिवासी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब वह अपने भाई को खेत पर भोजन देने जा रही थी। रास्ते में गांव के ही युवक प्रकाश भिलाला ने उस पर बका/हंसिया से हमला कर दिया, जिससे युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने भाग रहे आरोपी को ग्राम भर्तीपुर के पास पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घायल अवस्था में शासकीय अस्पताल सुल्तानपुर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के साथ मारपीट करने के मामले में छह लोगों को अभिरक्षा में लिया गया है। मामले की विवेचना गंभीरता से जारी है।
Udyam Registration Number : UDYAM-MP-35-0005861