बुंदेली मेला प्रथम दिवस : मिशन ग्रीन के तहत महिला साइकिल मैराथन से हुआ शुभारंभ, एमपी यूथ गेम्स 2026 के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताएं शुरू
धीरज जॉनसन दमोह
बुंदेली गौरव न्यास द्वारा आयोजित बुंदेली मेला के प्रथम दिवस का शुभारंभ उल्लास के साथ हुआ। सुबह मिशन ग्रीन अभियान के अंतर्गत महिला साइकिल मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साह पूर्वक सहभागिता की। यह साइकिल मैराथन शहर के प्रमुख मार्गों किल्लाई नाका, तीनगुल्ली, स्टेशन चौराहा एवं घंटाघर से होती हुई बुंदेली मेला परिसर तहसील ग्राउंड में संपन्न हुई।
दोपहर के समय बुंदेली मेला का विधिवत शुभारंभ मध्य प्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री लखन पटेल एवं मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत मलैया के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर न्यास संरक्षक सिद्धार्थ मलैया,मेला पदाधिकारी विवेक शेंडे, प्रभात सेठ, कैप्टन बाधवा, अखिलेश हजारी सहित समिति से जुड़े अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

मंत्री लखन पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि बुंदेली गौरव न्यास द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने वाला यह मेला बुंदेली संस्कृति, परंपरा और विरासत को आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने न्यास को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेला निरंतर प्रत्येक वर्ष इसी तरह आयोजित होता रहे।
इसके पश्चात एमपी यूथ गेम्स 2026 (मध्य प्रदेश का ओलंपिक) के अंतर्गत खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा बुंदेली गौरव न्यास समिति के संयुक्त तत्वावधान में तहसील ग्राउंड बुंदेली मेला परिसर में कबड्डी, पिट्ठू, रस्साकसी, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में जिले के सातों विकासखंडों से आए लगभग 400 बालक एवं बालिकाओं ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इसी क्रम में 17,18 एवं 19 जनवरी को तहसील ग्राउंड बुंदेली मेला एवं अन्य मैदानों पर खो-खो, एथलेटिक्स, शतरंज, फुटबॉल, हॉकी, बास्केटबॉल, कुश्ती, जूडो, ताइक्वांडो, बैडमिंटन, क्रिकेट, टेबल टेनिस, योगासन सहित अन्य खेलों का आयोजन किया जाएगा।
शाम के समय लोकल आर्केस्ट्रा द्वारा फिल्म गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिसके बाद भजन संध्या का आयोजन हुआ और मेला परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।