– थाना गैरतगंज में हो रहा आयोजन
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में विश्व ध्यान दिवस से मध्यप्रदेश के सभी पुलिस थानों में प्रत्येक रविवार सुबह 10 बजे से हार्टफुलनेस ध्यान संस्था के माध्यम से ध्यान योग कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। यह कार्यक्रम ऑनलाइन तथा प्रशिक्षकों की उपस्थिति में आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना गैरतगंज में थाना प्रभारी डीपी लोहिया के निर्देशन में प्रत्येक रविवार को पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा नियमित रूप से ध्यान योग कार्यक्रम में भाग लिया जा रहा है। कार्यक्रम में थाने के समस्त स्टाफ के साथ हार्टफुलनेस ध्यान संस्था के प्रशिक्षक ओपी श्रीवास्तव उपस्थित रहकर ध्यान अभ्यास करा रहे हैं तथा ध्यान की विभिन्न तकनीकों की जानकारी भी प्रदान कर रहे हैं।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मचारियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाना, मानसिक संतुलन बनाए रखना, सकारात्मक सोच विकसित करना तथा दैनिक जीवन एवं कार्य के दौरान उत्पन्न होने वाले तनाव को कम करना है। साथ ही शांतिपूर्ण तरीके से कार्य संपादन एवं तनावमुक्त रहते हुए कार्य करने के तरीकों पर भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। ध्यान योग कार्यक्रम में थाने के सभी अधिकारी व कर्मचारी पूरे मनोयोग और उत्साह के साथ सहभागिता कर रहे हैं, जिससे कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण निर्मित हो रहा है।