रायसेन।सांची तहसील कार्यालय से भ्रष्टाचार की एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। यहां पदस्थ नायब तहसीलदार के रीडर राजेश गीते का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर नोटों का लेन–देन दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार नायब तहसीलदार का रीडर राजेश गीते जमानत कराने के बदले फरियादी से पैसे वसूल रहा था। यह पूरी डील सरकारी दफ्तर के भीतर खुलेआम की गई, जिसका किसी ने वीडियो बना लिया।
वायरल वीडियो में नोटों की गिनती और लेन-देन स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। वीडियो के सामने आते ही मामला तूल पकड़ गया और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आम जनता का कहना है कि जब सरकारी दफ्तरों में इस तरह खुलेआम रिश्वत ली जा रही है, तो न्याय की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया। वीडियो वायरल होने के बाद राजेश गीते को कलेक्टर अरूण विश्वकर्मा नेतत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच के आदेश भी दिए गए हैं और आगे कड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है।