बिजली कंपनी के फोन लंबे समय से बंद, उपभोक्ता परेशान किसान संगठन ने दिया आवेदन, संपर्क व्यवस्था तुरंत बहाल करने की मांग
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
क्षेत्र में बिजली व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। गैरतगंज बिजली कंपनी कार्यालय एवं कंट्रोल रूम के फोन नंबर लंबे समय से बंद होने के कारण नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं, किसानों व व्यापारियों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जरूरत पड़ने पर बिजली कंपनी से संपर्क न हो पाने की समस्या अब गंभीर रूप ले रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली गुल होने, ट्रांसफॉर्मर खराब होने, तार टूटने, फ्यूज उड़ने जैसी आकस्मिक परिस्थितियों में तत्काल सूचना देने के लिए उपभोक्ता निर्धारित नंबरों पर फोन करते हैं, लेकिन लंबे समय से फोन स्विच ऑफ या आउट ऑफ सर्विस बताता है। ऐसे में कई बार छोटी समस्या बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय खेतों में लाइन फॉल्ट होने पर समस्या और भी बढ़ जाती है, क्योंकि संपर्क न होने से समय पर समाधान नहीं मिल पाता।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि फोन सुविधा बंद होने की शिकायत कई बार मौखिक रूप से भी दर्ज कराई गई, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने इस दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इससे उपभोक्ताओं में रोष बढ़ता जा रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए किसान संगठन के गगन गौर ने बिजली कंपनी के संबंधित अधिकारी को लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि संपर्क नंबर बंद रहने से किसानों को सिंचाई के समय भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मांग की गई है कि बिजली कार्यालय और कंट्रोल रूम के फोन तुरंत चालू कर सुचारू संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आकस्मिक स्थिति में उपभोक्ता समय पर अपनी समस्या दर्ज करा सकें।
स्थानीय नागरिकों ने भी कहा है कि बिजली कंपनी यदि उपभोक्ताओं से अपेक्षा करता है कि समय पर बिल जमा किए जाएं और नियमों का पालन किया जाए, तो विभागीय दायित्वों को भी गंभीरता से निभाया जाना चाहिए। फोन सुविधा बहाल होने से उपभोक्ताओं की कई समस्याएं समय रहते दूर की जा सकेंगी।