– गैरतगंज विकासखंड द्वारा आयोजित शैक्षणिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज विकासखंड के छात्रों के लिए आयोजित शैक्षणिक एक्सपोज़र विज़िट सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। एक दिवसीय भ्रमण के तहत छात्रों ने भोपाल स्थित मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट), आईटीआई गोविंदपुरा तथा ग्लोबल स्किल पार्क (जीएसपी) का अवलोकन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और कौशल-विकास के वास्तविक माहौल से परिचित कराना था। भ्रमण दल में विकासखंड की विभिन्न शालाओं के 135 छात्र छात्राएं शामिल हुए।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को ट्रैकसूट, स्कूल बैग तथा उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। संपूर्ण यात्रा सुरक्षित, अनुशासित और सुव्यवस्थित रही। तीनों संस्थानों में छात्रों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रयोगशालाओं, प्रशिक्षण इकाइयों और कौशल विकास प्रक्रियाओं को समझा। कई छात्रों ने पहली बार इतने बड़े और उन्नत तकनीकी परिसरों को देखने का अनुभव साझा किया।
कार्यक्रम में सभी विद्यालयों के प्राचार्यों तथा ड्यूटी पर नियुक्त शिक्षकों ने उत्कृष्ट समन्वय निभाते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा, उपस्थिति, अनुशासन और गतिविधियों की समयबद्धता का जिम्मेदार संचालन किया।

नए बीईओ की पहल से शिक्षा में नई ऊर्जा
नवनियुक्त सहायक संचालक एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) आशीष सिंह चौहान द्वारा हायर एजुकेशन एक्सपोज़र विज़िट की शुरुआत को क्षेत्र में शिक्षा गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पदग्रहण के बाद से ही नए बीईओ द्वारा विद्यार्थियों में करियर जागरूकता, उच्च शिक्षा की समझ और कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई नवाचार किए जा रहे हैं। यह भ्रमण उन्हीं पहलों का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों को बड़े संस्थानों के वातावरण और उपलब्ध अवसरों से सीधे जोड़ना है।
विद्यार्थियों में उत्साह, भविष्य के प्रति बढ़ा विश्वास
भ्रमण के बाद छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। विद्यार्थियों ने बताया कि यह अनुभव उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा, जिसने उनके करियर, तकनीकी शिक्षा और आगे की संभावनाओं के प्रति नई सोच विकसित की।
विकासखंड गैरतगंज का यह प्रयास क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, करियर मार्गदर्शन और कौशल-विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि माना जा रहा है।