प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में जनजातियों का गौरव पुनः अपनी प्रतिष्ठा के साथ स्थापित हो रहा है- जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मीणा
सी के पारे रायसेन
धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती समापन वर्ष के उपलक्ष्य में 15 नवम्बर रायसेन स्थित वन परिसर में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन तथा अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय द्वारा कन्यापूजन और भगवान बिरसा मुण्डा के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सांची जनपद अध्यक्ष श्रीमती अर्चना पोर्ते भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के उद्बोधन का लाईव प्रसारण भी देखा गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार द्वारा जनजातीय वर्ग के कल्याण और विकास के लिए अनेकों योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 5 साल पहले जनजातीय नायकों को सम्मान देने की परंपरा की शुरुआत की। दिनांक 10 नवम्बर 2021 को केबीनेट में प्रस्ताव पास कर 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस मनाने का निर्णय लेकर जनजातीय वर्ग के जननायकों के बलिदान और शौर्य का परिचय नई पीढ़ी से कराने का काम किया है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातियों का गौरव पुनः अपनी प्रतिष्ठा के साथ स्थापित हो रहा है। हमारे जनजातीय नायकों ने जनजाति अंचलों से स्वतंत्रता के लिए आवाज उठाई और भारत माता के जयकारे लगाते हुए अंग्रेजों से आजादी की लड़ाई लड़ी। जनजातीय कार्य विभाग के जिला संयोजक सीपी सोनी ने जिले में जनजातीय वर्ग के कल्याण और विकास के लिए चलाई जा रहीं विभिन्न योजनाओं तथा उनके क्रियान्वयन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

जनजातीय वर्ग के हितग्राहियों को वितरित किए योजनाओं के हितलाभ
जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, सांची जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती अर्चना पोर्ते तथा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन द्वारा कार्यक्रम में जनजातीय वर्ग के लिए संचालित वनाधिकार योजना के तहत हितग्राही श्रीमती सुमंत्रा बाई ग्राम पनझिरपा, श्री राकेश कुमार ग्राम बासादेही, श्री मांगू ग्राम झामर, श्री गोवर्धन ग्राम भरतीपुर, श्री विश्राम आदिवासी ग्राम घानाकला तथा श्री मुन्नालाल ग्राम थापरी को वनाधिकार पत्र प्रदान किए गए। इसी प्रकार सहकारिता विभाग द्वारा श्री मोहर सिंह, श्री रूपबसंत सहित जनजातीय वर्ग के हितग्राहियों को केसीसी कार्ड का वितरण किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दी गई प्रस्तुतियां
रायसेन वन परिसर में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में जनजातीय कार्यविभाग के शासकीय कन्या शिक्षा परिसर, रानी दुर्गावती छात्रावास गोपालपुर सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं द्वारा जनजातीय कला, संस्कृतिक पर आधारित कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का किया निरीक्षण
रायसेन स्थित वन परिसर में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन तथा अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, सहकारिता विभाग, सामाजिक न्याय सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया।
कुपोषित बच्चों को वितरित किए फूड बॉस्केट
रायसेन स्थित वन परिसर में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष तथा अपर कलेक्टर मनोज उपाध्याय द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल के निरीक्षण के दौरान कुपोषित बच्चों को पोषण आहार युक्त फूड बॉस्केट प्रदान की गई।