– पुलिस नहीं कर रही थी एफआईआर
– महिला का आरोप- दस दिन तक रखा और दुष्कर्म किया
– महिला ने टंकी से कूदने की धमकी दी, तब कहीं जाकर आपराधिक प्रकरण दर्ज हुआ
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र से एक महिला का कट्टा दिखाकर अपहरण और इसके बाद दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस द्वारा एफआइआर दर्ज नहीं किए जाने से क्षुब्ध होकर महिला थाना परिसर में स्थित 50 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला ने टंकी से कूदने की धमकी दी, तब कहीं जाकर पुलिस ने आरोपी माहेर सिंह जाटव निवासी खड़ीचरा थाना मायापुर के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया।
महिला का आरोप- दस दिन तक रखा और दुष्कर्म किया-
वहीं दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि महिला को चार दिन पहले जब बरामद किया गया था तो महिला ने आरोपित के पक्ष में बयान देते हुए उसके साथ जाने और उसके द्वारा ले जाने की बात से साफ इन्कार किया था। महिला का कहना था कि वह अकेली ही खाटू श्याम के दर्शन करने के लिए राजस्थान गई थी। वहीं महिला का आरोप हैं कि आरोपित ने कट्टा दिखाकर उसका अपहरण करने के बाद करीब दस दिन तक उसे अपने साथ रखा और उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
खाद लेने जा रही थी तब किया था अपहरण-
महिला के अनुसार 25 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब 10 से 11 बजे वह अपने गांव से खाद बीज लेने के लिए खनियाधाना मंडी के पीछे स्थित गोदाम पर जा रही थी, इसी दौरान रास्ते में ग्राम खड़ीचरा थाना मायापुर निवासी मोहर सिंह जाटव अपने पिकअप वाहन से आया। उसने पीड़िता को गोदाम तक छोड़ने की बात कह कर वाहन में बैठा लिया। महिला के अनुसार इसके बाद कट्टा दिखाकर आरोपित उसे अपने साथ खाटू श्याम राजस्थान ले गया। इसी दौरान उसे रास्ते में उसके साथ गाड़ी में ही दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी देकर उसे करीब सात दिन तक अपने साथ राजस्थान में रखा। इस दौरान उसने कई बार दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि मोहर सिंह ने खाद बीज के लिए रखे हुए 22500 रुपये नगद के अलावा उसकी चांदी की पावलें, कमर की करधौनी, मंगलसूत्र, पुतरिया, कान के सोने के फूल छिनाकर अपने पास रख लिए थे, जो उसके द्वारा वापस नहीं किए गए।
पुलिस बोली- पहले बयान में दुष्कर्म का जिक्र नहीं किया-
महिला द्वारा टंकी पर चढ़ने के बाद पूरा मामला चर्चा में आ गया। वहीं दूसरी ओर खनियांधाना के टीआई केदार सिंह यादव ने कहा कि महिला को जब बरामद किया गया था तो मायापुर थाना प्रभारी ने महिला के बयान लिए थे, उस समय महिला ने अपहरण और दुष्कर्म जैसी किसी घटना का जिक्र अपने बयानों में नहीं किया था। आज महिला आई तो मैंने उसी के सामने मायापुर थाना प्रभारी को एफआइआर करने के लिए फोन करके बुलाया। इसी दौरान वह पानी की टंकी पर चढ़ गई।