– अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र अग्रवाल ने की खरीदारी
रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
धनतेरस पर्व को लेकर मंडीदीप नगर के बाजारों में आज दिनभर रौनक बनी रही। स्वर्ण, चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और वाहन शो-रूम पर ग्राहकों की भीड़ देखी गई। लोग शुभ मुहूर्त में धन की देवी मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने के लिए उत्साहपूर्वक खरीदारी करते नजर आए।
नगर के मुख्य बाजारों, झलार कला, स्टेशन रोड, हाउसिंग बोर्ड और पुराना मंडीदीप क्षेत्र में दिनभर चहल-पहल बनी रही। दीपोत्सव के शुभारंभ के साथ ही दुकानों को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया, जिससे बाजारों का नजारा मनमोहक दिखाई दिया।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र अग्रवाल भी परिजनों के साथ खरीदारी करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि धनतेरस न केवल शुभ क्रय का पर्व है! बल्कि समृद्धि और उज्जवल भविष्य की कामना का प्रतीक भी है। उन्होंने नगरवासियों को धनतेरस एवं दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए स्थानीय व्यापारियों से पारंपरिक भारतीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की।
व्यापारियों के अनुसार, इस बार धनतेरस पर ग्राहकों का उत्साह पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रहा। सोना-चांदी, दीपक, बर्तन और सजावटी सामग्रियों की जमकर बिक्री हुई।
धनतेरस की रौनक से मंडीदीप के बाजार गुलजार रहे, व्यापारी और ग्राहक दोनों ही उत्साह से सराबोर दिखे।